• Call: +91- 9669368870
  • navacharigatividhiyan@gmail.com

राष्ट्रीय नवाचारी शाला प्रवेश उत्सव अभियान सत्र 2026-27

Logo

संदेश


नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 एवं शाला प्रवेश उत्सव की आप सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ।

आदरणीय शिक्षक/शिक्षिकाओं, नवीन शिक्षा सत्र का जब आगाज होता है तो हम सभी के मन में बहुत सी उत्सुकता एवं लक्ष्य होते हैं। हमारे द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बहुत सी योजनाओं पर पहल किया जाता है, जिससे बच्चों के हित में कार्य हो सके। इसी क्रम में सत्र की शुरुआत में एक सबसे महत्वपूर्ण कार्य होता है "शाला प्रवेश उत्सव"। इस दिन विद्यालय में नवीन प्रवेश लेने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों का आत्मीयता से स्वागत किया जाता है। जैसे नाम से ही पता चलता है कि यह एक प्रकार का उत्सव अर्थात आनंद व खुशी के साथ मनाया जाने वाला शुभ कार्य होता है।

जिस प्रकार हमारे परिवार में किसी नए सदस्य का आगमन होता है तो वह उत्सव का माहौल होता है। पूरे उल्लास के साथ हम नए सदस्य का स्वागत करते हैं। इसी प्रकार विद्यालय परिवार में नव प्रवेश लिए नए मेहमान के स्वागत के लिए "शाला प्रवेश उत्सव" भी मनाया जाता है, ताकि नव प्रवेशी बच्चों को पहले दिन से ही भयमुक्त और आनंददायक माहौल का अनुभव हो सके तथा वे विद्यालय के वातावरण में घुल-मिलकर बिना किसी झिझक के नियमित रूप से अध्ययन कर सकें।

साथ ही "शाला प्रवेश उत्सव" के माध्यम से प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने की कोशिश की जाती है, ताकि कोई भी बच्चा अपने मूलभूत अधिकार से वंचित न रह सके। इस दिन विद्यालय के सभी स्टाफ, पालकगण, शाला विकास समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह के सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका तथा विद्यार्थी मिलकर नव प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर, पुस्तक एवं गणवेश प्रदान कर उनका स्वागत करते हैं तथा विद्यालय में उनके प्रथम दिवस को यादगार बनाते हैं।

साथियों, "शाला प्रवेश उत्सव" में उपरोक्त औपचारिक कार्यक्रम लगभग सभी विद्यालयों में आयोजित होते हैं। साथ ही विभाग की ओर से भी बहुत से निर्देश जारी किए जाते हैं, जिससे इस दिन को और अधिक विशेष बनाया जा सके। अब बात आती है कुछ विशेष नवाचारों की, जो "शाला प्रवेश उत्सव" के दौरान औपचारिक कार्यक्रमों के अतिरिक्त कुछ विद्यालयों में आयोजित किए जाते हैं। इन नवाचारों के माध्यम से "शाला प्रवेश उत्सव" को और उत्कृष्ट बनाया जाता है।

भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े देश के सबसे बड़े नवाचारी शिक्षकों के समूह "नवाचारी गतिविधियाँ समूह, भारत", जो स्व-प्रेरणा से कार्य कर रहा है, की ओर से इस पुस्तिका के माध्यम से "शाला प्रवेश उत्सव" से संबंधित कुछ नवाचार आप सभी को सादर प्रेषित किए जा रहे हैं। इन्हें अपनाकर आप इस दिन को नव प्रवेशी बच्चों के लिए और अधिक यादगार, आनंददायक एवं प्रेरणादायक बना सकते हैं।

संजीव कुमार सूर्यवंशी
समूह प्रमुख-
नवाचारी गतिविधियाँ समूह भारत
विद्यालय विवरण-
शिक्षक
शास. पूर्व मा. विद्यालय नन्दौरकलाँ
वि.ख. एवं जिला - सक्ती (छ.ग.)


School Entry Festival Image 1 School Entry Festival Image 2

समय सारणी


शाला प्रवेश उत्सव आयोजन तिथि - 16 जून 2026 से 30 जून 2026
वेबसाईट खुलने की तिथि - 21 जून 2026
वेबसाईट में पंजीकरण तिथि - 21 जून 2026 से 03 जुलाई 2026
पंजीकरण के पश्चात जानकारी अपलोड - 21 जून 2026 से 03 जुलाई 2026
प्राप्त डाटा का समूह द्वारा विश्लेषण - 04 जुलाई 2026 से 05 जुलाई 2026
आवश्यकतानुसार संबंधित से सम्पर्क - 06 जुलाई 2026
कार्यक्रम का प्रमाण पत्र जारी करना - 07 जुलाई 2026

Image 1 Image 2 Image 3